गुवा संवाददाता। झारखंड मजदूर संघर्ष संघ, मेघाहातुबुरु इकाई के महासचिव अफताब आलम के नेतृत्व में यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने सेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) डॉ. अशोक कुमार पंडा से उनके मेघाहातुबुरु खदान दौरे के दौरान मुलाकात की। इस दौरान यूनियन की ओर से भगवान बुद्ध की प्रतिमा एवं पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया गया।

प्रतिनिधिमंडल में इंतखाब आलम, दयानंद कुमार, शहनाज, चंद्रकला पान, आनंद हेस्सा पूर्ति, अमित राउत सहित अन्य सदस्य शामिल थे। यूनियन ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं मजदूर हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत मांग पत्र भी सीएमडी को सौंपा।
मांग पत्र में किरीबुरू जनरल अस्पताल की बदहाल चिकित्सा व्यवस्था को सबसे गंभीर मुद्दा बताया गया। यूनियन ने कहा कि डॉक्टरों की भारी कमी के कारण अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तत्काल नियुक्ति, रेफरल प्रक्रिया को सरल बनाने तथा इलाज पर लागू दो लाख रुपये की सीमा समाप्त करने की मांग की गई।

इसके अलावा छुट्टी पर रहने वाले कर्मचारियों के लिए आकस्मिक बीमारी अथवा दुर्घटना की स्थिति में तत्काल रेफरल लेटर जारी करने की पुरानी व्यवस्था बहाल करने की भी मांग उठाई गई। यूनियन ने ठेका मजदूरों को नियमित कर्मचारियों के समान स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, वर्षों से बंद पड़ी अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन के संचालन के लिए तकनीशियन की नियुक्ति तथा अस्पताल की लैब को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित करने की मांग की।
संघ ने खदानों में बढ़ते कार्यभार को देखते हुए नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की भी मांग की। महासचिव अफताब आलम ने कहा कि यूनियन द्वारा उठाए गए सभी मुद्दे मजदूरों और उनके परिवारों के जीवन, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े हैं। उन्होंने सेल प्रबंधन से इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील करते हुए कहा कि मजदूरों के हितों और स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।








