सरायकेला: सरायकेला के सीनी ओपी क्षेत्र में एक दर्दनाक दुर्घटना सामने आई है, जहां प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) के सिलसिले में आए रेलकर्मी अभिषेक सिंह की बालकनी से नीचे गिर जाने के कारण मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक अभिषेक सिंह भारतीय रेलवे के नागपुर डिवीजन में सीनियर गुड्स मैनेजर के पद पर पदस्थ थे और सीनी में ट्रेनिंग के लिए आए हुए थे।
मिली जानकारी के अनुसार, अभिषेक सीनी स्थित एक मकान में अपने सहकर्मियों और दोस्तों के साथ रह रहे थे। बीती रात कमरे में दोस्तों के साथ पार्टी का आयोजन था। इसी दौरान जब अभिषेक कमरे से बाहर निकलकर बालकनी की ओर गए, तो अत्यधिक अंधेरा होने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वे लगभग 15 फीट की ऊंचाई से सीधे जमीन पर जा गिरे। इस हादसे में उनके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी सांसें थम गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही सीनी ओपी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और अभिषेक को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया मौत बालकनी से गिरने के कारण हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और घटना के समय वहां मौजूद दोस्तों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि हादसे की सही परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।







