Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोकलो थानान्तर्गत चितपील गांव के आस-पास जंगल पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाये गये 14 I.E.D बरामद तथा एक नक्सली डम्प से 52 नग (लगभग 52 KG) पॉली बैग में सफेद पाउडर (अमोनियम नाइट्रेट विस्फोटक) भरा हुआ बरामद किया गया. सुरक्षा के दृष्टिकोण से जवानों ने उसी स्थान पर नष्ट कर दिया.
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जानकारी दी गई कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन भा०क०पा० (माओ०) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत, रापा मुंडा एवं अन्य नक्सली अपने दस्ता सदस्यों के साथ सारंडा कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधि के लिए भ्रमणशील है, जिसके आलोक में झारखण्ड पुलिस, कोबरा, सी०आर०पी०एफ० एवं झारखण्ड जगुआर की टीमों का एक संयुक्त अभियान दल गठित कर लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है.
बताया गया है कि पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा को गुप्त आसूचना प्राप्त हुई कि प्रतिबंधित भा०क०पा० (माओ०) नक्सली संगठन के उग्रवादियों द्वारा टोकलो थानान्तर्गत ग्राम चितपील जंगल पहाड़ी क्षेत्र में गोला-बारूद छुपाकर सुरक्षा बलों के विरूद्ध उनका अभियान रोकने तथा लक्षित कर हानि पहुँचाने के उद्देश्य से रखा गया है. जिसके आलोक में शिवम प्रकाश, भा०पु०से०, सहायक पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चक्रधरपुर के नेतृत्व में चाईबासा पुलिस एवं सीआर०पी०एफ० 60 BN के साथ एक संयुक्त अभियान दल का गठन या गया. दल के द्वारा चाईबासा-सरायकेला जिला के सीमा के आस-पास जंगल पहाड़ी क्षेत्र में सर्च अभियान प्रारंभ किया गया.
संयुक्त अभियान दल द्वारा अग्रतर सर्च अभियान के दौरान आज टोकलो थानान्तर्गत ग्राम चितपील के आस-पास जंगली/ पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाये गये 14 I.E.D बरामद तथा एक नक्सली डम्प से 52 नग (लगभग 52 KG) पॉली बैग में सफेद पाउडर (संभवतः अमोनियम नाइट्रेट विस्फोटक) भरा हुआ बरामद कर सुरक्षा के दृष्टिकोण से उसी स्थान पर बम निरोधक दस्ता के सहायता से विनिष्ट किया गया है। उक्त नक्सली डम्प को सुरक्षा बलों के द्वारा ध्वस्त किया गया। इस संबंध में टोकलो थाना कांड संख्या 15/25, दिनांक 17.06.2025, धारा -191(2)/191(3)/190/132/61(2) बी०एन०एस०, 4/5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम एवं 17 सी०एल०ए० एक्ट दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया है.