चाईबासा। West Singhbhum District Cricket Association द्वारा अंडर-16 आयु वर्ग के बच्चों के लिए आगामी 15 मई से समर क्रिकेट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप Birsa Munda Cricket Stadium में आयोजित होगा, जिसमें पश्चिमी सिंहभूम जिले का कोई भी इच्छुक खिलाड़ी भाग ले सकता है। लगभग 20 दिनों तक चलने वाले इस कैंप में बच्चों को क्रिकेट की तकनीकी बारीकियों के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कैंप के पहले सप्ताह में प्रशिक्षण एक सत्र में अपराह्न 3 बजे से 6 बजे तक आयोजित होगा। इसके बाद 24 मई से 7 जून तक कैंप दो सत्रों में चलेगा, जिसमें सुबह 6 बजे से 8 बजे तक तथा अपराह्न 3 बजे से 6 बजे तक अभ्यास कराया जाएगा।

कैंप में स्थानीय कोचों के अलावा Jharkhand State Cricket Association द्वारा नामित कोच एवं ट्रेनर खिलाड़ियों को बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण तथा शारीरिक प्रशिक्षण की विशेष जानकारी देंगे। कैंप के प्रारंभिक चरण में खिलाड़ियों की फिटनेस पर जोर दिया जाएगा, जबकि बाद के चरण में बल्लेबाजी, गेंदबाजी और मानसिक मजबूती पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों को दो टीमों में विभाजित कर उनकी क्षमता का मूल्यांकन भी किया जाएगा। 7 जून को आयोजित समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

महासचिव ने बताया कि कैंप में दाखिला लेने के इच्छुक खिलाड़ी स्वयं अथवा अपने अभिभावकों के माध्यम से जिला क्रिकेट संघ कार्यालय में पंजीकरण करा सकते हैं। सीमित सीटों के कारण “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर नामांकन किया जाएगा।
पंजीकरण के समय खिलाड़ियों को रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, जन्म प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड की छायाप्रति जमा करना अनिवार्य होगा। अधिक जानकारी के लिए जिला क्रिकेट संघ के कार्यालय सहायक तेजनाथ लकड़ा से मोबाइल नंबर 7900970878 पर संपर्क किया जा सकता है।








