कांड्रा (सरायकेला-खरसावां): कांड्रा थाना क्षेत्र के कांड्रा-चौका मुख्य मार्ग पर गुरुवार को भारत पेट्रोल पंप के समीप सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी पर एक पुरुष और एक महिला सवार होकर मानिकुई से कांड्रा की ओर जा रहे थे। महिला स्कूटी पर पीछे बैठी थी। इसी दौरान भारत पेट्रोल पंप के पास आगे चल रहे ट्रैक्टर के चालक ने बिना इंडिकेटर दिए अचानक दाईं ओर मोड़ लिया। इससे पीछे आ रही स्कूटी अनियंत्रित हो गई और सीधे ट्रैक्टर से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार दोनों लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में पीछे बैठी महिला के पैर में गंभीर चोट लगी। दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद फरार हुए ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर के अचानक मुड़ने के कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।








