Chaibasa (चाईबासा) : चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एक रोमांचक मुकाबले में गोप एवं सिंह क्लब, बड़ा जामदा ने एसआर रूंगटा ग्रुप को 10 रनों से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश सुनिश्चित कर लिया। यह जीत जी एंड एस क्लब की लीग में लगातार तीसरी जीत है, जिसके साथ टीम अब 12 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुँच गई है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जी एंड एस क्लब ने 30 ओवर में 6 विकेट खोकर 179 रन बनाए। कप्तान धीरज कुमार ने मात्र 32 गेंदों पर 53 रनों की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल थे। उनके अलावा सिद्धार्थ कुमार, ओम अर्जुन यादव ने 34-34 रन और रुतुराज महंथी ने 30 रनों का योगदान दिया।
एसआर रूंगटा ग्रुप की ओर से अमित कुमार सिंह ने 2 विकेट लिए, जबकि शाहबाज खान, विवेक रंजन, श्याम शर्मा और मो. वसीम को एक-एक सफलता मिली।
एसआर रूंगटा की जवाबी पारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसआर रूंगटा ग्रुप की टीम ने शानदार शुरुआत की, लेकिन निर्णायक क्षणों में विकेट गिरने से टीम 30 ओवर में 169 रनों पर ही सिमट गई। रोबिन लोहरा ने 40 रन बनाए, जबकि विवेक रंजन ने 36, कुलदीप मंडल ने 22 और प्रीतम महतो ने 16 रनों का योगदान दिया।
जी एंड एस क्लब के गेंदबाज विश्वेश मिश्रा ने 20 रन देकर 4 विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। सरोज महतो, कप्तान धीरज कुमार और धीरज ने भी 2-2 विकेट अपने नाम किए।
अंक तालिका की स्थिति
जीत के साथ ही जी एंड एस क्लब 12 अंकों के साथ पहले स्थान पर पहुँच गया है और क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं, 6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद एसआर रूंगटा ग्रुप का भी अगले दौर में पहुँचना लगभग तय है।
अगला मुकाबला
लीग के अगले मुकाबले में कल रायवल क्लब गुवा का सामना फेनेटिक क्लब चाईबासा से होगा।