घाटशिला उपचुनाव में झामुमो की बड़ी जीत: सोमेश चंद्र सोरेन 38,524 वोटों से विजयी

Ghatshila/ Jamshedpur (घाटशिला/जमशेदपुर) : घाटशिला (अ.जा.) विधानसभा उपचुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। झामुमो (JMM) प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन ने भारी अंतर से जीत हासिल करते हुए अपनी पहली राजनीतिक पारी की शानदार शुरुआत की है। उन्हें कुल 1,04,794 वोट प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को 66,270 वोट मिले। इस तरह झामुमो ने 38,524 वोटों के अंतर से निर्णायक जीत दर्ज की।

घाटशिला विधानसभा उप निर्वाचन 2025 : 74.63 प्रतिशत मतदान दर्ज, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष माहौल में संपन्न हुआ मतदान

जीत के बाद पीने कार्यकर्ताओं के साथ सोमेश सोरेन
जीत के बाद पीने कार्यकर्ताओं के साथ सोमेश सोरेन

20 राउंड की काउंटिंग—शुरुआत से अंत तक बढ़त

सुबह 8 बजे शुरू हुई मतगणना में पहले राउंड से ही झामुमो प्रत्याशी ने बढ़त बनाई रखी।
20 राउंड तक हर चरण में यह बढ़त बढ़ती गई और अंत में लगभग 40 हजार के अंतर पर जाकर स्थिर हुई।

कुल मतों का आंकड़ा:

  • झामुमो – सोमेश चंद्र सोरेन: 1,04,794
  • भाजपा – बाबूलाल सोरेन: 66,270
  • जेएलकेएम – रामदास मुर्मू: 11,542

जेएलकेएम के उम्मीदवार रामदास मुर्मू तीसरे स्थान पर रहे।

उपचुनाव क्यों हुआ?

इस सीट पर उपचुनाव उस समय आवश्यक हो गया था जब मौजूदा विधायक और पूर्व मंत्री रामदास सोरेन का निधन हो गया था।
पार्टी ने उनकी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए उनके पुत्र सोमेश चंद्र सोरेन को उम्मीदवार बनाया, जिसे मतदाताओं का भारी समर्थन मिला।

मतदान प्रतिशत

11 नवंबर को हुए मतदान में 74% से अधिक मतदाताओं ने मतदान किया था। घाटशिला आदिवासी बहुल क्षेत्र होने के कारण यह उपचुनाव राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा था।

क्यों मिली झामुमो को बड़ी जीत?

  • दिवंगत विधायक रामदास सोरेन के प्रति लोगों की भावनात्मक नजदीकियाँ
  • झामुमो का मजबूत संगठन और आदिवासी वोटों में पकड़
  • भाजपा की तरफ से अपेक्षित जनसमर्थन न जुटा पाना
  • स्थानीय मुद्दों पर झामुमो के प्रभावी प्रचार

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह नतीजा आने वाले विधानसभा चुनावों में भी झारखंड की राजनीति में महत्वपूर्ण संकेत देगा।

सोमेश चंद्र सोरेन बोले—“जनता का विश्वास कभी नहीं टूटने दूंगा”

जीत के बाद सोमेश सोरेन ने कहा कि यह जीत उनके पिता की नीतियों और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार काम करेंगे।

भाजपा के लिए बड़ा झटका

आदिवासी इलाकों में पकड़ मजबूत करने की भाजपा की कोशिशों को इस हार से बड़ा झटका लगा है। पार्टी नेताओं ने समीक्षा बैठकों की घोषणा की है।

http://घाटशिला उपचुनाव 2025: 11वें राउंड में 22,095 वोट से आगे JMM के सोमेश सोरेन, मतगणना केंद्र पर जश्न शुरू