आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। शनिवार दोपहर करीब 1:45 बजे चूना भट्ठा मुख्य सड़क स्थित ‘संजय इलेक्ट्रॉनिक बैटरी दुकान’ पर दो बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी।
घटना के वक्त दुकान पर रवि नामक युवक बैठा था, जिस पर अपराधियों ने निशाना साधते हुए करीब 4 राउंड गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि इस हमले में रवि बाल-बाल बच गया। घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चार खोखे बरामद किए हैं, जिनमें से एक खोखा दुकान के अंदर से मिला है।

पुरानी रंजिश और धमकी का मामला
दुकानदार संजय कुमार के अनुसार, यह हमला पुरानी रंजिश का परिणाम है। उन्होंने बताया कि आदित्यपुर-2 निवासी ऋषि नामक युवक ने बीती रात फोन पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। विवाद की जड़ 19 दिसंबर को इनवर्टर बनाने को लेकर हुआ झगड़ा है। इसी विवाद में 9 मार्च को हरिओम नगर में ऋषि, और अमन ने संजय कुमार के पुत्र पर हमला किया था, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी।

दहशत का माहौल
हैरानी की बात यह है कि जब दुकानदार संजय कुमार पुलिस कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे थे, तभी पीछे से अपराधियों ने दुकान पर फायरिंग कर दी। थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि मामला आपसी रंजिश से जुड़ा है और पुलिस पूर्व में दर्ज मारपीट के मामले की जांच कर रही थी। उन्होंने दावा किया कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय व्यापारियों और लोगों में भारी आक्रोश और भय व्याप्त है।








