आदित्यपुर : आरआईटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड संख्या 28, रोड नंबर 32 के मुख्य मोड़ पर एक दबंग शराबी ने मामूली विवाद में फल विक्रेता पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में फल विक्रेता बुरी तरह लहूलुहान हो गया, जबकि व्यस्त सड़क पर मौजूद राहगीर और स्थानीय लोग मदद करने के बजाय मूकदर्शक बने रहे।
पीड़ित फल विक्रेता रवि प्रजापति ने बताया कि वह पिछले दो दिनों से रोड नंबर 32 के मोड़ के समीप अपनी दुकान लगाकर जीवन यापन कर रहा है। पीड़ित के अनुसार, क्षेत्र का एक चिन्हित शराबी पिछले दो दिनों से लगातार उससे शराब पीने के लिए पैसों की मांग कर रहा था। रवि ने जब पैसे देने से इनकार किया और विरोध जताया, तो शराबी ने आपा खो दिया और उस पर ताबड़तोड़ घूंसे बरसाने शुरू कर दिए।

हमले में रवि के नाक और मुंह से भारी खून बहने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि बीच सड़क पर काफी देर तक मारपीट और लात-घूंसे चलते रहे। हैरान करने वाली बात यह रही कि दिनदहाड़े हो रही इस हिंसा के दौरान वहां मौजूद भीड़ केवल तमाशबीन बनी रही और किसी ने भी बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं दिखाई।
रंगदारी और धमकी का आरोप:
दुकानदार रवि प्रजापति का आरोप है कि आसपास लगने वाली अन्य दुकानों द्वारा उक्त शराबी को कथित तौर पर रुपये की आदत डाल दी गई है, जिसके कारण उसके हौसले बुलंद हैं। घटना के बाद जब स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई, तो शराबी वहां से जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। फिलहाल पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
http://किराना दुकानों में मिलती थी मिलावटी अंग्रेजी शराब, चाईबासा पुलिस की छापेमारी में तीन गिरफ्तार







