जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने स्थानीय ज्वेलर्स दुकानदार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित का आरोप है कि दुकानदार उसकी गिरवी रखी सोने की चूड़ियां वापस नहीं कर रहा है और इसके बदले अत्यधिक रकम की मांग कर रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जुगसलाई निवासी मनिंदर सिंह भाटिया ने वर्ष 2017 में अपनी पत्नी की दो सोने की चूड़ियां, जिनका कुल वजन लगभग 40 ग्राम है, आर्थिक जरूरत के चलते गिरवी रखी थीं। इसके बदले उन्होंने करीब 95 हजार रुपये का ऋण लिया था।
पीड़ित का कहना है कि वह समय-समय पर ब्याज का भुगतान करता रहा। हालांकि बाद में आगजनी की घटना में उसकी दुकान को नुकसान हुआ, जिससे उसकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई। इसके बावजूद वह लगातार अपनी चूड़ियां वापस लेने का प्रयास करता रहा।
आरोप है कि संबंधित ज्वेलर्स अब चूड़ियां लौटाने के बदले करीब 2.5 लाख रुपये की मांग कर रहा है। पीड़ित के अनुसार, उसने अब तक करीब 15 हजार रुपये ब्याज भी चुका दिया है और तय राशि के अनुसार उसे अपना गिरवी सामान वापस मिलने का अधिकार है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि दुकानदार पहले भी इस तरह के मामलों में विवादों में रहा है। उसने जुगसलाई थाना प्रभारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने और उसकी चूड़ियां वापस दिलाने की मांग की है।








