आदित्यपुर। सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित संस्था ‘उद्गम’ द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी रामनवमी पूजा के पावन अवसर पर एक विशाल सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शनिवार, 28 मार्च 2026 को आदित्यपुर के एस. टाईप स्थित दुर्गा पूजा मैदान में आयोजित होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ संध्या 5:30 बजे से होगा।
इस गरिमामयी समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा होंगे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में आदित्यपुर नगर निगम के महापौर श्री संजय सरदार एवं उप-महापौर श्री अंकुर सिंह भी उपस्थित रहेंगे।

प्रमुख हस्तियों का होगा समागम
संस्था के मुख्य संरक्षक अमित सिंह (बॉबी सिंह), पूर्व उप-महापौर, और संरक्षक सोनिया सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग शामिल होंगे। सम्मानित अतिथियों की सूची में पूर्व विधायक (ईचागढ़) अरविंद कुमार सिंह, पूर्व महापौर बिनोद कुमार श्रीवास्तव, क्षत्रिय महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शम्भूनाथ सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष (सरायकेला-खरसावां) हरेकृष्णा प्रधान और विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष जे. एन. दास जी के नाम प्रमुख हैं।
सेवा और भक्ति का अनूठा संगम
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि रामनवमी के जुलूस में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस सेवा शिविर में विशेष प्रबंध किए गए हैं। ‘उद्गम’ परिवार ने समस्त क्षेत्रवासियों और गणमान्य अतिथियों से इस कार्यक्रम में सम्मिलित होकर इसे सफल बनाने और पुण्य का भागी बनने का विनम्र आग्रह किया है।







