चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त चंदन कुमार ने की।
Chandil illegal sand mining Raid: कपाली गौरी घाट अवैध बालू खनन पर हाईकोर्ट के निर्देश पर छापेमारी, एनजीटी में 15 को सुनवाई
बैठक में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया, जिनमें अपर उपायुक्त, विभिन्न अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी तथा सभी अंचल अधिकारी शामिल रहे।
बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस अवधि में कुल 204 वाहनों को जब्त किया गया, जबकि अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹38.41 लाख की वसूली की गई है। इसके अतिरिक्त 125 मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उपायुक्त ने समीक्षा के क्रम में सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अवैध खनन और परिवहन पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने निर्देश दिया कि अगली टास्क फोर्स बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों के सभी थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी को भी अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी माध्यम से अवैध खनन या परिवहन की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारी तत्काल संज्ञान लें और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही कार्रवाई से संबंधित रिपोर्ट समय पर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।








