जमशेदपुर में NDPS केस का फरार आरोपी गिरफ्तार, 13 महीने बाद पुलिस को मिली सफलता

जमशेदपुर NDPS केस में फरार आरोपी की गिरफ्तारी

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जुगसलाई थाना कांड संख्या-21/2025 में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी मो० इंसान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह पिछले करीब 13 महीनों से फरार था।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 27 फरवरी 2025 को एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं (21/22/27(a)/28/29/30) के तहत दर्ज किया गया था। इस केस में पहले भी कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी मो० इंसान पुलिस की पकड़ से बाहर था।

वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर 29 अप्रैल 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले 143 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई थी। प्राथमिक अभियुक्त अब्दुल हमीद सहित कुल 15 आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि दो अन्य आरोपियों को अन्य मामलों से जोड़ते हुए इस कांड में शामिल किया गया है। इस तरह कुल 17 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र समर्पित किया जा चुका है।

गिरफ्तार आरोपी मो० इंसान (46 वर्ष) स्वर्गीय अब्दुल गफ्फार का पुत्र है और जुगसलाई थाना क्षेत्र के महतो पाड़ा रोड, गौशाला के पीछे का निवासी है।

छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के साथ जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम ख्वाजा, पुअनि रंजीत सिंह, पुअनि कृष्ण कुमार यादव और हवलदार सोनू पासवान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *