आदित्यपुर। आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 30 स्थित भोला अखाड़ा मैदान में गुरुवार को आयोजित वार्ड सभा में विकास योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। वार्ड पार्षद सुधीर चौधरी की अध्यक्षता और निगम अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित इस सभा में जागृति मैदान के समीप, आरआई़टी थाना के बगल में नगर निगम का प्रशासनिक भवन निर्माण करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
सैकड़ों ग्रामीणों ने जताया समर्थन
सभा की शुरुआत में पार्षद सुधीर चौधरी ने भवन निर्माण का प्रस्ताव रखा, जिसे स्थानीय निवासियों ने हाथ उठाकर और हस्ताक्षर कर भारी समर्थन दिया। इस बैठक में एलआईजी, बाउरी बस्ती, जनता रो हाउस, एमआईजी और एलआईजी फ्लैट के सैकड़ों पुरुष व महिलाएँ शामिल हुए। ग्रामीणों का मानना है कि प्रशासनिक भवन बनने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

हंगामे की कोशिश हुई नाकाम
वार्ड सभा की कार्यवाही और हस्ताक्षर अभियान संपन्न होने के अंतिम चरण में, अचानक दूसरे वार्ड के करीब एक दर्जन लोग सभा स्थल पर पहुँचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई, लेकिन मौके पर तैनात पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हंगामा कर रहे लोगों को सभा स्थल से खदेड़ दिया।
पार्षद का कड़ा रुख
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पार्षद सुधीर चौधरी ने कहा:
”वार्ड सभा हमारे वार्ड के विकास और हमारे घर की बैठक जैसा है। यहाँ कुछ गुंडे-बदमाशों ने पहुँचकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। हमने संयम से उन्हें समझाया कि यदि कोई आपत्ति है तो सक्षम अधिकारी के पास जाएँ। बदतमीजी करने पर वार्ड की जनता ने कड़ा विरोध किया, जिसके बाद वे लोग बेआबरू होकर वहाँ से भाग निकले।”








