सरायकेला: झारखंड की सियासत में अपनी पैठ मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने युवाओं को लामबंद करने का बड़ा अभियान शुरू किया है। आदित्यपुर स्थित प्रभात पार्क से ‘युवा संवाद चौपाल यात्रा’ का विधिवत आगाज़ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा राजद नेता अश्विनी सिंह ने की, जबकि जिला अध्यक्ष उदित यादव के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष रंजन कुमार समेत अन्य नेताओं का भव्य स्वागत किया गया।

युवाओं को जगाने की मुहिम
संबोधित करते हुए रंजन कुमार ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य उन युवाओं को जागरूक करना है जो अपनी शक्ति भूल चुके हैं। उन्होंने विरोधियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राजद कभी झुकने वाला दल नहीं है। लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव की नीतियों पर भरोसा जताते हुए उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनावों में युवाओं के दम पर झारखंड और बिहार दोनों राज्यों में राजद की मजबूत सरकार बनेगी, जो सबको समान हिस्सेदारी देगी।

नेताओं का संबोधन और रणनीति
जिलाध्यक्ष उदित यादव ने कार्यकर्ताओं से पार्टी विचारधारा को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की अपील की। कार्यक्रम को प्रदेश महासचिव कमलेश यादव, उपाध्यक्ष क्षितिज मिश्रा, वरिष्ठ नेता डी एन सिंह, प्रभारी शैलेंद्र कुमार और दलित प्रकोष्ठ के सियाराम बैठा ने भी संबोधित कर संगठन की मजबूती पर जोर दिया।संचालन देव प्रकाश देवता ने किया
20 जून तक चलेगा अभियान
यह यात्रा 24 जिलों में पांच चरणों में संपन्न होगी, जिसका समापन 20 जून को होगा। इस मौके पर राजेश, सुमित, प्रिंस, रितेश, पप्पू रजक, मनोज पासवान, विनय पासवान, सतीश और वीरेंद्र बंधु समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।








