Chaibasa Naxal Encounter: पोड़ाहाट जंगल में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, कई नक्सलियों के मारे जाने की सूचना

Chaibasa (चाईबासा) : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के पोड़ाहाट जंगल स्थित केड़ाबीर इलाके में मंगलवार तड़के पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस मुठभेड़ में एक या दो नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है। घटना सोनुवा थाना क्षेत्र के केड़ाबीर जंगल में हुई, जहां पिछले कई दिनों से सुरक्षाबलों का सर्च अभियान जारी था।

सारंडा मुठभेड़: IED विस्फोट में इंस्पेक्टर समेत 5 जवान घायल, एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया

तड़के साढ़े छह बजे शुरू हुई फायरिंग

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कोबरा 209 बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम बीते दो दिनों से सोनुवा और गोइलकेरा थाना क्षेत्र के घने जंगलों में नक्सल विरोधी अभियान चला रही थी। बुधवार तड़के करीब साढ़े छह बजे कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान जवानों का आमना-सामना नक्सलियों से हो गया। इसके बाद दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई।

करीब कुछ समय तक रुक-रुक कर चली गोलीबारी के बाद नक्सली जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले। घटनास्थल से हथियार, दैनिक उपयोग की सामग्री और अन्य सामान बरामद किए जाने की सूचना है। सुरक्षाबल पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं।

एसपी अमित रेणु ने की पुष्टि

पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा बलों का ऑपरेशन अब भी जारी है। उन्होंने कहा कि पूरे सारंडा और पोड़ाहाट क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है तथा हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

मिसिर बेसरा के नेतृत्व में सक्रिय हैं नक्सली

सूत्रों के अनुसार, इलाके में कुख्यात माओवादी नेता मिसिर बेसरा के नेतृत्व में नक्सली संगठन सक्रिय है। हाल ही में गोइलकेरा क्षेत्र में पूर्व नक्सली रमेश चांपिया की हत्या के बाद से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट थीं। माना जा रहा है कि नक्सली सारंडा जंगल से निकलकर कोल्हान और पोड़ाहाट क्षेत्र में अपनी गतिविधियां बढ़ा रहे हैं।

गौरतलब है कि 29 अप्रैल को सुरक्षा बलों ने एक लाख रुपये के इनामी नक्सली इसराइल पूर्ति उर्फ अमृत को मुठभेड़ में मार गिराया था। इसके बाद से लगातार नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। फिलहाल जंगल क्षेत्रों में पुलिस और नक्सलियों के बीच लुकाछिपी का खेल जारी है।

http://Chaibasa Naxal Encounter : चाईबासा में मुठभेड़, एक इनामी नक्सली ढेर, सर्च ऑपरेशन तेज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *