Adityapur (आदित्यपुर) : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में पेयजल संकट को लेकर सियासत गरमा गई है। झामुमो जिला अध्यक्ष भुगलू सोरेन द्वारा नगर निगम में दिए गए एक दिवसीय धरने पर भाजपा नेता विशु महतो ने तीखा पलटवार किया है।
विशु महतो ने इस धरने को महज एक ‘नौटंकी’ करार देते हुए कहा कि अगर झामुमो को सचमुच आदित्यपुर की जनता के हितों की चिंता है, तो उन्हें अपनी ही सरकार के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ मोर्चा खोलना चाहिए। भाजपा नेता ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि आदित्यपुर क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या पानी की है, जो आज समाधान होने के बजाय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के उद्घाटन के चक्कर में राजनीतिक पेंच में फंसी हुई है। राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की सरकार होने के बावजूद स्थानीय जनता बूंद-बूंद पानी को तरस रही है।
”निगम के प्रशासक झामुमो कार्यकर्ताओं और जनता की जायज बातों को पूरी तरह अनसुना कर रहे हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि निगम प्रशासन पूरी तरह मुख्यमंत्री के इशारे पर काम कर रहा है और उन्हें स्थानीय जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।”
— विशु महतो, भाजपा नेता







