समर क्रिकेट कैंप का समापन, डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित समर क्रिकेट कैंप का समापन रविवार को स्थानीय बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। 15 मई से प्रारंभ हुए इस कैंप में जिले के विभिन्न प्रखंडों से कुल 93 बच्चों ने भाग लिया, जिनमें तीन बालिकाएं भी शामिल थीं।

ज्ञान चंद जैन स्कूल क्रिकेट| इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन की 51 रन से जीत, क्वार्टर फाइनल में एंट्री

समापन समारोह में कोल्हान प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अनुरंजन किस्पोट्टा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) बहामन टूटी, जिला खेल पदाधिकारी मारकस हेंब्रम तथा झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) के मानद कोषाध्यक्ष अमिताभ घोष मौजूद रहे।

जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि लगभग 20 दिनों तक चले इस कैंप का आयोजन प्रतिदिन दो सत्रों में किया गया। कैंप के दौरान खिलाड़ियों को बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण और फिटनेस का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही अभ्यास मैचों के माध्यम से खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन भी किया गया।

उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की फीस पूरी तरह माफ की गई, जबकि प्रतिभावान एवं जिला टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को शुल्क में विशेष रियायत दी गई।

उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिला सम्मान

समापन समारोह में विभिन्न आयु वर्गों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

सब-जूनियर वर्ग

  • सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज : अथर्व चंद्रा एवं हर्ष कुमार
  • सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज : अनिस सिन्हा
  • सर्वश्रेष्ठ स्पिनर : मृणाल शेखर
  • सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर : अंश कुमार दास
  • सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक : हर्षित विनोद

उदीयमान खिलाड़ी पुरस्कार

  • स्नेहा पिंगुवा
  • हर्षित विनोद
  • अभिनव गुप्ता
  • राहुल मछुवा

सर्वश्रेष्ठ लिटिल विंग प्लेयर

  • आकाश रुही दास
  • विकल्प विशेष पुरती
  • दिवेश तुबिड़
  • अंश कुमार
  • एहसान जमाल

जूनियर वर्ग

  • सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज : ओम प्रकाश महतो
  • सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज : नमन साहु
  • सर्वश्रेष्ठ स्पिनर : मनीष कुमार
  • सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर : प्रशांत गोप
  • सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक : कुशाग्र यादव
  • सर्वश्रेष्ठ फिटनेस खिलाड़ी : कमलेश महतो
  • सर्वश्रेष्ठ उदीयमान खिलाड़ी : नमन साहु

खिलाड़ियों और अभिभावकों को किया प्रोत्साहित

अपने संबोधन में डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने खिलाड़ियों से कैंप के दौरान प्राप्त प्रशिक्षण और अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के अभिभावकों की सराहना करते हुए कहा कि खेलों में बच्चों को आगे बढ़ाने में परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

उन्होंने पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

समारोह को एसडीपीओ बहामन टूटी एवं जेएससीए के मानद कोषाध्यक्ष अमिताभ घोष ने भी संबोधित किया और खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

इससे पूर्व जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान समर क्रिकेट कैंप में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया तथा प्रशिक्षण देने वाले कोचों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने किया।

http://समर क्रिकेट कैंप 15 मई से, अंडर-16 खिलाड़ियों को मिलेगा प्रशिक्षण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *