सरायकेला। राज्य में पड़ रही भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच सड़क पर मुस्तैद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को राहत देने के लिए सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस ने एक सराहनीय व आधुनिक पहल की है। जिला पुलिस द्वारा अब ड्यूटी पर तैनात जवानों को विशेष रूप से तैयार की गई बैटरी संचालित कूलिंग जैकेट उपलब्ध कराई जा रही है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक (SP) निधि द्विवेदी ने प्रथम चरण के तहत छह ट्रैफिक जवानों को ये हाई-टेक जैकेट प्रदान कीं।

इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को दिनभर कड़कती धूप, धूल और उच्च तापमान के बीच सड़क पर खड़े होकर यातायात व्यवस्था संभालनी पड़ती है। ऐसे में यह बैटरी संचालित कूलिंग जैकेट उन्हें भीषण गर्मी और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं से बचाएगी, जिससे उनकी कार्यक्षमता में भी सुधार होगा।

6 घंटे का मिलेगा पावर बैकअप
एसपी ने जैकेट की खासियत बताते हुए कहा कि इसमें लगी बैटरी को एक बार फुल चार्ज करने पर यह लगभग छह घंटे तक निरंतर काम करती है। इससे जवानों को लंबे समय तक शरीर में ठंडक का अनुभव होगा। उन्होंने इसे पुलिस वेलफेयर की दिशा में एक अभिनव और संवेदनशील पहल बताया, जिसका मुख्य उद्देश्य अत्यधिक विपरीत मौसम में भी पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और सुविधा का ध्यान रखना है। फिलहाल प्रयोग के तौर पर छह जैकेट बांटी गई हैं, लेकिन आने वाले दिनों में जिले के सभी ट्रैफिक जवानों को यह कूलिंग जैकेट उपलब्ध कराई जाएगी।
http://Saraikela Police Transfer: सरायकेला-खरसावां पुलिस महकमे में फेरबदल, थाना प्रभारियों का तबादला








