चांडिल अनुमंडल में महिला और बुजुर्ग का शव बरामद, हत्या की आशंका, शरीर पर चोट और खून के निशान, जांच में जुटी पुलिस

चांडिल अनुमंडल

सरायकेला-खरसावां: जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अलग-अलग स्थानों से एक महिला और एक बुजुर्ग का शव बरामद किया गया। दोनों ही शवों पर खून के निशान मिलने से इलाके में हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

​पहली घटना तिरुलडीह थाना क्षेत्र की है, जहां कुकडू प्रखंड मुख्यालय के पास चोकेगोड़िया मैदान में एक करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिला। मृतक के पास एक साइकिल और टॉर्च बरामद हुई है। शरीर पर खून के धब्बे होने के कारण ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मृतक की पहचान चौका-आदारडीह निवासी सनातन गोप के रूप में की है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

चांडिल अनुमंडल

दूसरी घटना नीमडीह थाना क्षेत्र के बामनी गांव की है, जहां तालाब के पास एक महिला का खून से लथपथ शव मिलने से दहशत फैल गई। महिला के चेहरे और मुंह पर गंभीर चोट के निशान हैं। घटना की सूचना पर नीमडीह थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की। पुलिस दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विभिन्न पहलुओं से मामले की तफ्तीश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *