गुवा/किरीबुरू: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार शाम किरीबुरू थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी रोहित कुमार ने की। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने प्रशासन को अवगत कराया कि किरीबुरू क्षेत्र की मस्जिदों में मोहर्रम के अवसर पर केवल नमाज अदा की जाती है और यहां ताजिया जुलूस निकालने की परंपरा नहीं है। प्रशासन ने इस परंपरा का सम्मान करते हुए सभी समुदायों से आपसी भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की।
Saraikela Moharram Julus Dispute:मोहर्रम जुलूस में दो पक्षों के बीच विवाद ,पुलिस बल तैनात

सोशल मीडिया पर अफवाहों से सतर्क रहने की सलाह
बैठक में अधिकारियों ने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए लोगों से जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार करने का आग्रह किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की भड़काऊ, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट साझा करने से बचें। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

एसडीपीओ ने शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीपीओ विनीत कुमार किंडो ने कहा कि मोहर्रम शांति, अनुशासन और आपसी सम्मान का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने नागरिकों से सहयोगात्मक भूमिका निभाने तथा किसी भी समस्या, विवाद या आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना देने की अपील की।
बैठक में मुखिया पार्वती कीड़ो, रब्बे आलम, कनक मिश्रा, प्रतिमा सिंह, शानी हेस्सा, नेहा हेंब्रम, शमीम सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
http://Adityapur: मोहर्रम को लेकर आदित्यपुर थाना में शांति समिति की बैठक, शांतिपूर्ण आयोजन पर जोर








