आदित्यपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर में आदित्यपुर हरिओम नगर निवासी हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। इस बीच, रविवार को हिमांशु सिंह के 13वीं के मौके पर राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने उनके आवास पहुंचे। डॉ. शेखावत ने हिमांशु के शोकाकुल पिता और परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस दुख की घड़ी में हरसंभव साथ देने का भरोसा दिया।

पीड़ित परिवार से मिलने के बाद मीडिया से बात करते हुए डॉ. राज शेखावत ने झारखंड सरकार और स्थानीय प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस प्रकार पुलिस पेट्रोलिंग की मौजूदगी में हिमांशु की बेरहमी से हत्या कर दी गई, उससे यह साफ जाहिर होता है कि झारखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है और अपराधियों में पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है।
दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग
करणी सेना प्रमुख ने हिमांशु के पिता से बात करते हुए कहा कि घटना के वक्त मौके पर मौजूद तमाम लापरवाह पुलिसकर्मियों पर धारा 302 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए। उन्होंने अपराधियों के लिए सख्त लहजा अपनाते हुए कहा कि पकड़े गए आरोपियों का कोर्ट ट्रायल करने के बजाय उनका सीधे एनकाउंटर किया जाना चाहिए, ताकि अपराधियों में खौफ पैदा हो।
CBI और रिटायर्ड जज की निगरानी में SIT जांच की वकालत
डॉ. शेखावत ने पीड़ित परिवार को सलाह दी कि उन्हें इस पूरे मामले की सीबीआई (CBI) जांच की मांग करनी चाहिए। हालांकि, हिमांशु के पिता ने स्पष्ट किया कि वे फिलहाल अब तक की पुलिसिया कार्रवाई से संतुष्ट हैं। इसके बावजूद शेखावत ने जोर देकर कहा कि मामले की पूरी तरह निष्पक्ष जांच के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया जाए, जिसमें रिटायर्ड जज भी शामिल हों। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है ताकि भविष्य में किसी और मासूम के साथ ऐसी खौफनाक घटना दोबारा न हो।
इस दौरान हरिओम नगर स्थित आवास पर करणी सेना के दर्जनों पदाधिकारियों, सदस्यों सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग और प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग को दोहराया।








