6 साल पहले जिसे मृत मानकर कर दिया था अंतिम संस्कार, वह निकला जिंदा; गोरखपुर में हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा, गोइलकेरा के युवक की चौंकाने वाली कहानी, पत्नी ने कर ली दूसरी शादी, अब अदालत के फैसले से खुला राज

Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हैरानी में डाल दिया है। छह साल पहले जिस युवक को परिवार ने लापता होने के बाद मृत मान लिया था, उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया था। उसकी पत्नी ने सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार दूसरी शादी कर ली थी। अब पता चला है कि वह युवक उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जेल में हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है।

आदित्यपुर से लापता युवक का शव सीनी के कुएं में मिला, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

जानकारी के अनुसार, गोइलकेरा प्रखंड के बोरोई गांव निवासी 38 वर्षीय दुगा मारला उर्फ दोगे मारला को गोरखपुर की एक अदालत ने हत्या के मामले में दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। अदालत के फैसले के बाद यह सनसनीखेज मामला सामने आया।

2020 में अचानक हुआ था लापता

परिजनों के मुताबिक, वर्ष 2020 में दुगा मारला अपनी बहन के घर सोनुआ प्रखंड के नुवागांव गया था। इसके बाद वह बिना किसी को बताए अचानक लापता हो गया। परिवार ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। लंबे समय तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिवार ने उसे मृत मान लिया और आदिवासी परंपरा के अनुसार उसका अंतिम संस्कार कर दिया।

दुगा के लापता होने के बाद उसकी पत्नी ने दूसरी शादी कर ली। वहीं, उसके तीनों बच्चों की जिम्मेदारी उसके भाई सेड़गा मारला ने संभाल ली। वर्तमान में उसकी मां सुरु मारला और भाई पैतृक घर में रहते हैं।

 

रेलवे स्टेशन के पास ईंट से हमला कर की थी हत्या

मामले की सुनवाई के दौरान गोरखपुर के अपर सत्र न्यायाधीश नितिन कुमार ठाकुर की अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर दुगा मारला को दोषी ठहराया। अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाते हुए 1,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया।

 

सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता राम प्रकाश सिंह के अनुसार, यह मामला पिपराइच थाना क्षेत्र के उनौला दोयम का है। 15 अक्टूबर 2021 की रात करीब 10:30 बजे महाजन नामक व्यक्ति रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान दुगा मारला ने उनके सिर पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने जांच के बाद दुगा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

व्हाट्सएप संदेश को समझा था अफवाह

परिजनों ने बताया कि अक्टूबर 2025 में एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर संदेश मिला था कि दुगा मारला गोरखपुर जेल में बंद है। परिवार ने इसे किसी शरारत या ठगी का प्रयास समझकर नजरअंदाज कर दिया। लेकिन अब अदालत द्वारा उम्रकैद की सजा सुनाए जाने की आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद उन्हें विश्वास हुआ कि दुगा जीवित है।

 

यह मामला पूरे पश्चिमी सिंहभूम में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ओर परिवार, जिसने छह साल पहले उसका अंतिम संस्कार कर दिया था, अब उसके जीवित होने की खबर से स्तब्ध है, वहीं हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा ने इस घटना को और भी सनसनीखेज बना दिया है।

http://पश्चिमी सिंहभूम: गोइलकेरा में सनसनी, वृद्ध की गला काटकर निर्मम हत्या, बोरे में मिला धड़

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

6 साल पहले जिसे मृत मानकर कर दिया था अंतिम संस्कार, वह निकला जिंदा; गोरखपुर में हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा, गोइलकेरा के युवक की चौंकाने वाली कहानी, पत्नी ने कर ली दूसरी शादी, अब अदालत के फैसले से खुला राज