Adityapur (आदित्यपुर) : आरआईटी थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी रवि कांत पराशर ने बताया कि 22 जुलाई को पुलिस को कुलूपूटांगा फुटबॉल मैदान के समीप कुछ संदिग्ध युवकों के जमा होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की और तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बाइक चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बन्तानगर निवासी राजू लोहार (23), बन्तानगर पानी टंकी निवासी बासुदेव लागुरी (22) और बाबा आश्रम निवासी आदित्य राज (21) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। राजू लोहार और बासुदेव लागुरी के खिलाफ आरआईटी थाने में पूर्व से मामले दर्ज हैं, जबकि आदित्य राज के खिलाफ बिष्टुपुर थाने में आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
इस संबंध में आरआईटी थाना में कांड संख्या 34/26 दर्ज कर पुलिस आगे की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितनी बाइक चोरी की हैं और चोरी के वाहनों को किन क्षेत्रों में बेचा जाता था।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रवि कांत पराशर के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक विमलेश कुमार महतो, नरेन्द्र मुण्डा, सहायक अवर निरीक्षक विक्रम कुमार, हवलदार जॉनसन भेंगरा तथा आरक्षी उमाशंकर सिंह, विकास चन्द्र पाण्डेय और बबलू बिरुली शामिल रहे।








