NEET पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में चक्रधरपुर में उबाल, छात्र अधिकार रैली में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी

NEET पेपर लीक

Chaibasa (चाईबासा) : NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को चक्रधरपुर में छात्रों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। छात्र एकता मंच के बैनर तले आयोजित छात्र अधिकार रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग उठाई।

रैली कारमेल स्कूल चौक से शुरू होकर इतवारी बाजार, कुसुम कुंज मोड़, रेलवे ओवरब्रिज, पवन चौक, भगत सिंह चौक और चेकनाका होते हुए अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय पहुंची। इस दौरान भगत सिंह चौक पर प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

रैली में शामिल छात्रों ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने, पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की गई।

आंदोलन के समापन पर छात्र एकता मंच के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन अनुमंडल पदाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में NEET मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों को सख्त सजा और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मजबूत एवं विश्वसनीय परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।

इस आंदोलन को विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, छात्र संगठनों, शिक्षाविदों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों का भी समर्थन मिला। रैली के दौरान पवन चौक के समीप टीम बैरम खान की ओर से प्रतिभागियों के लिए पेयजल, फल और बिस्कुट की व्यवस्था की गई।

रैली में अनुप महतो, आमिर, शिव शंकर सामड, सलुका बोदरा, अजय कुंभकार, अमन मुस्तफा, प्रीतम बांकिरा, तौहिद आलम, सन्नी रॉबर्ट, विजय सुंबरुई, हर्ष बाजरा, मोहम्मद अशरफ, अंकित होनहागा, संजय साहू, धीरज कटियार, सन्नी खान, नीतीश दोंगो, नदीम मुस्तफा, मिथिलेश केराई, डेविड सागर मुंडा, देवेश महतो, आफताब, गिलवान अनवर, अनुप्रिया सोय, मो. ताहिद और मो. जुनेद उर्फ बंटी सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा मौजूद रहे।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

: गौ माता को 'राष्ट्रमाता' घोषित करने की मांग

Adityapur: गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित करने की मांग: सरायकेला में 4 लाख से अधिक लोगों ने किया हस्ताक्षर अभियान का समर्थन, 27 जुलाई को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन