Adityapur (आदित्यपुर) : आदित्यपुर नगर निगम की चौथी बोर्ड बैठक शनिवार को मेयर संजय सरदार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में डिप्टी मेयर अंकुर सिंह, नगर आयुक्त एजाज अनवर तथा निगम के सभी 35 वार्डों के पार्षद मौजूद रहे। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।

Adityapur News: आदित्यपुर नगर निगम: नए नगर आयुक्त एजाज अनवर ने मैराथन बैठक कर दिए निर्देश
नगर आयुक्त एजाज अनवर ने बताया कि निगम क्षेत्र में कचरा संग्रहण की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के माध्यम से नई कचरा गाड़ियों की खरीद की जाएगी। साथ ही सफाई व्यवस्था का वैज्ञानिक एवं निष्पक्ष मूल्यांकन कराने के लिए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) से जुड़ी एक निजी एजेंसी की सेवाएं लेने का प्रस्ताव रखा गया है।
बैठक में कचरा प्रबंधन को आधुनिक स्वरूप देने पर भी चर्चा हुई। इसके तहत कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के साथ-साथ उससे बायोगैस और बिजली उत्पादन की संभावनाओं पर काम करने की योजना बनाई गई, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सके।
इस दौरान सभी वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याएं बोर्ड के समक्ष रखीं। साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल आपूर्ति, सड़क, नाला और पुलिया निर्माण जैसे मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। पार्षदों ने अपने वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग की।
मेयर संजय सरदार ने कहा कि नगर निगम की पहली प्राथमिकता आम जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि पानी, बिजली और सफाई जैसी मूलभूत आवश्यकताओं में सुधार के लिए निगम ने एक माह का विशेष लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि सभी वार्डों में इसका सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे। वहीं सड़क, नाला और पुलिया निर्माण कार्यों को उपलब्ध बजट और फंड के आधार पर प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।








