सरायकेला: देशभर में चलाए जा रहे ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत सरायकेला में एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इस प्रेसवार्ता में मुख्य रूप से संभाग प्रभारी सुमित खंडेलवाल, जिला प्रभारी सीमा पांडे, मधुलिका गौतम, सुनीता कुमारी, राजकुमार गोराई और सोमनाथ गोराई उपस्थित रहे।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए संभाग प्रभारी सुमित खंडेलवाल ने कहा कि देशभर के संतों का यह दृढ संकल्प है कि गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा दिया जाए। उन्होंने कहा कि गोहत्या पूरी तरह बंद होने और गौ माता को सम्मान मिलने पर ही देश में शांति स्थापित होगी तथा भारत पुनः विश्वगुरु के पद पर आसीन होगा।
जिला प्रभारी सीमा पांडे ने हस्ताक्षर अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि सरायकेला जिले के 9 प्रखंडों और 2 अनुमंडलों में व्यापक अभियान चलाया गया है। अब तक 4 लाख से अधिक गौभक्तों ने हस्ताक्षर कर अपना समर्थन दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई को जिले के उपायुक्त (कलेक्टर) के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
अभियान के प्रतिनिधियों ने कहा कि गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने से उन्हें सड़कों पर बेसहारा घूमने से मुक्ति मिलेगी और उचित संरक्षण व मान-सम्मान प्राप्त होगा।








