झारखंड में माओवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता और सेंट्रल कमेटी सदस्य मिशिर बेसरा को संयुक्त अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर केंद्र और विभिन्न राज्य सरकारों की ओर से कुल ₹1 करोड़ का इनाम घोषित था। उसके साथ संगठन के सक्रिय सदस्य बताए जा रहे मोछू, सौरभ उर्फ गौरव और दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। सभी से विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां अलग-अलग पहलुओं पर पूछताछ कर रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, खुफिया इनपुट के आधार पर गिरिडीह और धनबाद की सीमा से सटे इलाके में संयुक्त अभियान चलाया गया था। इसी दौरान सुरक्षा बलों ने मिशिर बेसरा समेत पांच लोगों को पकड़ने में सफलता हासिल की। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आने की संभावना है।
मिशिर बेसरा लंबे समय से झारखंड, बिहार, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में माओवादी संगठन के प्रभावशाली नेताओं में गिना जाता था। उस पर सुरक्षाबलों पर हमले, हत्या, विस्फोट, लेवी वसूली और कई अन्य गंभीर मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। वह वर्षों से सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था और लगातार अपना ठिकाना बदलकर सक्रिय रहता था।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि कोल्हान, सारंडा, पारसनाथ और आसपास के क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियों को संचालित करने में उसकी अहम भूमिका रही है। वह न केवल रणनीति बनाने में शामिल रहता था, बल्कि विभिन्न राज्यों के माओवादी नेटवर्क के बीच समन्वय स्थापित करने का भी काम करता था।
पुलिस के अनुसार, उसके साथ गिरफ्तार किए गए मोछू और सौरभ उर्फ गौरव की संगठन में भूमिका की भी जांच की जा रही है। वहीं, हिरासत में लिए गए दो ग्रामीणों से यह पता लगाया जा रहा है कि उनका माओवादियों से क्या संबंध था और क्या वे किसी तरह से संगठन को सहयोग पहुंचा रहे थे।
अधिकारियों का कहना है कि मिशिर बेसरा की गिरफ्तारी माओवादी संगठन के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ से संगठन के शीर्ष नेतृत्व, हथियारों की आपूर्ति, लेवी तंत्र, सुरक्षित ठिकानों और सक्रिय नक्सलियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकती हैं। पूछताछ पूरी होने के बाद सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
http://Karaikela Encounter News: कराईकेला में माओवादी हमला, पुलिस टीम पर हुई फायरिंग, FIR दर्ज








