आदित्यपुर/सरायकेला-खरसावां। आरआईटी थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन के किनारे मिले अमित सरदार के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि अमित की हत्या शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद की गई थी। वारदात को छिपाने के लिए आरोपियों ने शव को रेलवे लाइन पर डाल दिया, ताकि घटना ट्रेन की चपेट में आने से हुई दुर्घटना लगे।

Chandil: निखार सबलोक हत्याकांड: कुख्यात सिंटू सिंह गिरफ्तार, पिस्टल और बाइक बरामद
मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान दीकू किस्कू उर्फ बाबू किस्कू (26), सोमा मुंडा उर्फ बुका मुंडा (38), स्वरूप सोरेन उर्फ कतुरु (27) और मिलन सिंह (18) के रूप में हुई है।
25 जुलाई को रेलवे लाइन के पास मिला था शव
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई की सुबह रेलवे ट्रैक के समीप एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान मृतक की पहचान अमित सरदार के रूप में हुई। इसके बाद मृतक की मां बैहूल्या देवी के बयान पर आरआईटी थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
शराब पीने के दौरान शुरू हुआ था विवाद
एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने प्रेस वार्ता में बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ जमीनी स्तर पर भी पड़ताल की। इसी क्रम में चार युवकों की भूमिका सामने आई। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, घटना की रात आरोपी और अमित सरदार एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर अमित से उनका विवाद हो गया। कहासुनी और गाली-गलौज के बाद स्थिति बिगड़ गई और आरोपियों ने लोहे के हथौड़े और पत्थर से अमित के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को रेलवे लाइन पर रख दिया। उनका मकसद घटना को ट्रेन दुर्घटना का रूप देना और हत्या से जुड़े साक्ष्यों को छिपाना था।
आरोपियों की निशानदेही पर हथियार और मोबाइल बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए दो लोहे के हथौड़े, मृतक की शर्ट में लिपटा एक पत्थर, चार स्मार्टफोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस ने सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।








