गम्हरिया: गम्हरिया के बलरामपुर में बेखौफ अपराधियों ने एक सूने मकान में सेंधमारी कर लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।
शातिर चोर घर के दो कमरों से लगभग 30 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और 28 हजार रुपये नकद चुराकर रफूचक्कर हो गए। सुबह जब पीड़ित परिवार घर लौटा तो बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

समारोह में शामिल होने गया था परिवार, खाली घर पाकर चोरों ने बोला धावा
गृहस्वामी आशुतोष कुमार के अनुसार, उनका परिवार वर्ष 2011 से बलरामपुर में रह रहा है। मंगलवार शाम पूरा परिवार एक रिश्तेदार के यहां जन्मदिन समारोह में शामिल होने गया था। रात में अचानक हुई तेज बारिश के कारण परिजन वहीं रुक गए। अगली सुबह जब वे घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर दोनों कमरों में अटैची और बक्से खुले पड़े थे, कपड़े तितर-बितर थे और गहनों के खाली डिब्बे फर्श पर बिखरे थे। पीड़ित ने बताया कि यह नुकसान उनके और उनके भाई के संयुक्त जेवरातों का है, जिसकी कीमत 30 लाख रुपये से अधिक है।
महज 50 मिनट में वारदात को दिया अंजाम, सीसीटीवी में सुराग
परिजनों का अनुमान है कि चोरों ने रात करीब 8:30 से 9:20 बजे के बीच इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर इसी समयावधि में संदिग्ध हलचल देखी गई है। हाल ही में मां के सड़क हादसे में घायल होने के कारण परिवार का कुछ समय सरायकेला में भी बीत रहा था। सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। परिजनों की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।








