आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में गणेश उत्सव की भव्यता देखते ही बन रही है। शहरभर में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। इसी क्रम में नगर निगम के वार्ड संख्या 2 में सोमवार को गणेश उत्सव के दौरान श्रद्धा और उल्लास का विशेष नजारा देखने को मिला। वार्ड क्षेत्र में स्थापित एक दर्जन से अधिक गणेश पूजा पंडालों का वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शुभारंभ किया गया।
मेयर संजय सरदार समेत जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
गणेश उत्सव के अवसर पर वार्ड संख्या 2 में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की विशेष मौजूदगी रही। वार्ड 2 निवासी एवं आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, स्थानीय वार्ड पार्षद सुप्रिया महतो तथा पूर्व पार्षद अभिजीत महतो ने संयुक्त रूप से विभिन्न पूजा पंडालों का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद जनप्रतिनिधियों ने पूजा पंडालों में भगवान श्रीगणेश की विधिवत पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान पूजा समितियों के सदस्यों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

सुख-समृद्धि और शांति की कामना
इस अवसर पर मेयर संजय सरदार और वार्ड पार्षद सुप्रिया महतो ने क्षेत्रवासियों को गणेश चतुर्थी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान विघ्नहर्ता श्रीगणेश से आदित्यपुर के प्रत्येक नागरिक के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और निरंतर उन्नति की कामना की।
जनप्रतिनिधियों ने पूजा समितियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक उत्सव समाज में आपसी भाईचारा, सौहार्द और एकजुटता को मजबूत करने का काम करते हैं।
भक्ति के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी तैयारी
वार्ड संख्या 2 में स्थापित सभी गणेश पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पूजा-अर्चना के साथ ही लोगों के मनोरंजन और उत्साह को बढ़ाने के लिए अगले दो दिनों तक विभिन्न रंगारंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
गणेश उत्सव को लेकर पूरा क्षेत्र भक्तिमय भजनों और आकर्षक विद्युत सज्जा से जगमगा उठा है। शाम होते ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है और चारों ओर गणपति बप्पा के जयकारे गूंज रहे हैं।








