चाईबासा। सदर प्रखंड अंतर्गत डोमारडीहा में ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बुधवार, 16 सितंबर 2026 को महत्वपूर्ण पहल की गई। यहां प्रस्तावित स्वास्थ्य उपकेंद्र अस्पताल के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया।
शिलान्यास समारोह में जिला परिषद सदस्य श्रीमती लालमुनी पुरती, मुखिया विजय सिंह देवगम और मुंडा लखींद्र देवगम ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण किया। इसके बाद नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की गई।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य लालमुनी पुरती ने कहा कि स्वास्थ्य उपकेंद्र के निर्माण से डोमारडीहा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने के बाद ग्रामीणों को सामान्य उपचार और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए चाईबासा जाने की परेशानी कम होगी।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर जाने की जरूरत कम होगी। गांव में स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने से समय पर उपचार और स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं तक ग्रामीणों की पहुंच आसान होने की उम्मीद है।
शिलान्यास कार्यक्रम में वार्ड सदस्यों के अलावा ANM पुष्पा देवगम, ANM अनुकम्पा कुन्तिया, सहिया मुक्ता देवगम, आंगनबाड़ी सेविका चारूवाला देवगम, रोशन लियांगी, खुरपा देवगम, अंगूर देवगन, ढोबोरो देवगन, मोटाई देवगन, बरमा देवगन, सरस्वती कुदादा, सरिता कुदादा, सेविका सुमित्रा पूर्ति, मालीबा कुई, मंगली कुई, जयंती देवगन और दमयंती लियांगी समेत बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य उपकेंद्र के निर्माण को क्षेत्र के लिए उपयोगी कदम बताया और उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को नियमित एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।








