सरायकेला: लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और संवैधानिक मर्यादाओं की रक्षा के सवाल पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) झारखंड में चरणबद्ध आंदोलन छेड़ने जा रहा है।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव के निर्देशानुसार, राजद बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ 26 सितंबर को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में जोरदार प्रदर्शन और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन करेगा।
बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष जनार्दन कुमार ने इस संबंध में सभी जिला अध्यक्षों को आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पत्र के माध्यम से कहा गया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यशैली और निष्पक्षता को लेकर पार्टी गंभीर चिंता व्यक्त करती रही है। इसी के विरोध में पूरे प्रदेश में सामूहिक आक्रोश दर्ज कराया जाएगा।
जनार्दन कुमार ने कहा कि लोकतंत्र पर जब भी संकट गहराता है, बुद्धिजीवी वर्ग ने हमेशा आगे बढ़कर दिशा दिखाने का कार्य किया है। उन्होंने सभी जिला इकाइयों को निर्देश दिया कि वे पार्टी पदाधिकारियों, सक्रिय कार्यकर्ताओं और स्थानीय बुद्धिजीवियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को प्रभावी बनाएं।
प्रकोष्ठ ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि प्रदर्शन पूरी तरह अनुशासित, मर्यादित और शांतिपूर्ण दायरे में आयोजित हो, ताकि जनभावनाएं मजबूती से शासन और चुनाव आयोग तक पहुंच सकें।








