आदित्यपुर :आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में फुटपाथ दुकानदारों और युवाओं को स्थायी आजीविका उपलब्ध कराने के लिए महापौर संजय सरदार ने एक बड़ी पहल की है।
उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित कर झारखंड इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (JIADA) के अधीन आने वाले तीन प्रमुख भूखंडों को नगर निगम को हस्तांतरित करने की मांग की है, ताकि वहां आधुनिक व सर्वसुविधायुक्त वेंडिंग जोन विकसित किए जा सकें।
योजना के तहत तीन मुख्य स्थलों को चिन्हित किया गया है:
* एनआईटी (NIT) चौक से रेलवे पुलिया तक: मुख्य सड़क का किनारा।
* ऑटो क्लस्टर के सामने: मुख्य मार्ग से सटी रिक्त पड़ी भूमि।
* सुधा डेयरी चौक से विद्युत कार्यालय तक: सड़क किनारे उपलब्ध स्थान।
इस पहल से क्षेत्र के 500 से अधिक परिवारों को सीधे तौर पर आजीविका का सुरक्षित साधन मिलेगा। वर्षों से प्रशासनिक कार्रवाई और असुरक्षा के साये में रेहड़ी-पटरी लगाने वाले दुकानदारों को स्थायी व कानूनी ठिकाना मिलने से उनका व्यवसाय व्यवस्थित होगा। इसके अतिरिक्त, मुख्य सड़कों से अतिक्रमण हटने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुगम होगी और आम जनता को जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
महापौर ने जनहित को सर्वोपरि बताते हुए मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि संबंधित विभाग को भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया तेजी से पूरी करने का निर्देश दिया जाए, जिससे योजना शीघ्र धरातल पर उतर सके।








