Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू थाना पुलिस ने पुलिस कस्टडी से हथकड़ी और रस्सी समेत फरार हुए आरोपी को महज 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान किरीबुरू मेन मार्केट निवासी 19 वर्षीय आफताब खान उर्फ टैंगर, पिता जमीर हुसैन के रूप में हुई है।
किरीबुरू में एसी चोरी का प्रयास, एक युवक पकड़ाया, तीन फरार

जानकारी के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को किरीबुरू पुलिस ने आफताब खान को कांड संख्या 15/26 के मामले में पूछताछ के लिए थाना लाया था। पूछताछ के बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही थी। इसी दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर हाथ में लगी हथकड़ी और रस्सी के साथ थाना परिसर से फरार हो गया।
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ किरीबुरू थाना में कांड संख्या 16/26 दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में बीएनएस की धारा 262/303(2) तथा लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3 के तहत कार्रवाई की गई है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, किरीबुरू के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी सहयोग के आधार पर लगातार छापेमारी करते हुए फरार आरोपी को घटना के करीब तीन दिन के भीतर दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर टूटी हुई हथकड़ी, कटी हुई रस्सी और करीब 2.5 फीट लंबा लोहे का सब्बल भी बरामद किया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके फरार होने और छिपने के दौरान सहयोग करने वाले लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
छापामारी दल में एसडीपीओ बिनित कुमार किन्डो, इंस्पेक्टर समीर तिर्की, थाना प्रभारी रोहित कुमार, थाना प्रभारी नितिश कुमार, पुअनि पीयूष नाग, पुअनि जितेन्द्र कुमार सहित किरीबुरू और गुवा थाना के पुलिस पदाधिकारी तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
http://किरीबुरू थाना प्रभारी के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी, साइबर ठगों ने मांगे पैसे







