Bear Attack : हाटगम्हरिया में भालू का जानलेवा हमला, इलाज के दौरान अधेड़ की मौत; जंगल जाने से डरे ग्रामीण

हाटगम्हरिया के बलांडिया में भालू के हमले में अधेड़ की मौत

Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के बलांडिया गांव में भालू के हमले से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। शनिवार को जंगल की ओर शौच के लिए गए 55 वर्षीय प्रधान लागुरी पर अचानक जंगली भालू ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रधान लागुरी को ग्रामीणों की मदद से चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।

जंगल में अचानक सामने आया भालू

जानकारी के अनुसार, बलांडिया के मुखिया टोला निवासी प्रधान लागुरी शनिवार सुबह साइकिल से गांव के समीप जंगल की ओर शौच के लिए गए थे। इसी दौरान जंगल में अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके पेट, पीठ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। भालू के हमले से वह बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

Saraikela- bear attacked: जंगली भालू ने एक को किया जख्मी, कैंप कर रही वन विभाग की टीम

चीख सुनकर ग्रामीणों ने बचाई जान

प्रधान लागुरी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों के साथ शोर मचाकर भालू को वहां से भगाया। इसके बाद घायल प्रधान लागुरी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत में उनका इलाज चाईबासा सदर अस्पताल में चल रहा था, लेकिन देर शाम उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद ग्रामीणों में भय

घटना के बाद बलांडिया सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीण जंगल और आसपास के इलाकों में जाने से बच रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से सटे इलाकों में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ने से ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने मृतक के परिवार को वन विभाग के प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की भी मांग की है।

शव का पोस्टमार्टम रविवार को कराया जाएगा। घटना के बाद वन विभाग की ओर से क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाए जाने की मांग तेज हो गई है।

http://चाईबासा में भालू का हमला, युवक गंभीर रूप से घायल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *