Adityapur: दशहरा को लेकर शांति समिति की बैठक: नगर निगम के सफाई शुल्क पर फूटा गुस्सा, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त

दशहरा शांति समिति की बैठक

आदित्यपुर : आगामी दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण व भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से आदित्यपुर थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

थाना प्रभारी अंजनी कुमार की अध्यक्षता में संपन्न इस बैठक में बिजली, पानी, सड़क और सुरक्षा से जुड़े तमाम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान नगर निगम द्वारा दुर्गा पूजा पंडालों पर जेसीबी और सफाई शुल्क लगाए जाने के तुगलकी फरमान का एक स्वर में कड़ा विरोध देखने को मिला।

दशहरा शांति समिति की बैठक

महापौर संजय सरदार ने सफाई देते हुए कहा कि विरोध होना स्वाभाविक है, लेकिन इस शुल्क की उन्हें पूर्व में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले पर बैठक कर जल्द ही सकारात्मक समाधान निकाला जाएगा। गम्हरिया के प्रभारी बीडीओ श्रवण कुमार झा ने भरोसा दिलाया कि जनता व समितियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्रशासनिक स्तर पर हर संभव निराकरण किया जाएगा ताकि पूर्व वर्षों की भांति इस बार भी पर्व शांति व उल्लास के साथ संपन्न हो।

दशहरा शांति समिति की बैठक

​डिप्टी मेयर सह प्रवीण सेवा संस्थान के अध्यक्ष अंकुर सिंह ने नगर निगम के इस फैसले पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि बिना किसी बोर्ड बैठक या चर्चा के यह शुल्क कैसे तय कर दिया गया? पूजा कमेटियां खुद चंदा जुटाकर किसी तरह आयोजन करती हैं, ऐसे में आस्था पर यह दोहरा आर्थिक बोझ सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि सभी पार्षद इसके विरोध में हैं और इसे तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाना चाहिए।

​

​इधर, सरायकेला के एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चोरी व आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती होगी, पूजा समितियों के स्वयंसेवक सक्रिय रहेंगे, वायरलेस से त्वरित निगरानी की जाएगी तथा वॉच टावर और सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखी जाएगी।

​बैठक में अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार, ट्रैफिक थाना प्रभारी राजू, रवींद्र नाथ चौबे, अंबुज कुमार, जगदीश नारायण चौबे, मनोज सिंह, भगलू सोरेन, राजरानी महतो, सुधीर चौधरी, मनोज पासवान, कृष्ण गोपाल पिंटू और सुरेश धारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *