Jamshedpur (जमशेदपुर) : मानगो थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जवाहर नगर रोड नंबर-15 स्थित पानी टंकी के पास से एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से ब्राउन शुगर जैसी दिखने वाली प्रतिबंधित मादक पदार्थ की 71 पुड़िया बरामद हुई है। बरामद ब्राउन शुगर का कुल वजन 10.46 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से 200 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 3 अक्टूबर 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) को गुप्त सूचना मिली थी कि मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर-15 स्थित पानी टंकी के पास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत मानगो पुलिस टीम ने सशस्त्र बल के साथ मौके पर छापेमारी की।
रात करीब 8:20 बजे पुलिस को देखकर एक संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस बल की मदद से उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम समशाद खान उर्फ करीब 19 वर्ष, पिता मोहम्मद जमील खान, निवासी रोड नंबर-09, जवाहर नगर, थाना मानगो, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर बताया।
राजपत्रित पदाधिकारी की मौजूदगी में आरोपी की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पहने हुए मैरून रंग के कुर्ते की दाहिनी जेब से हरे रंग के कागज में लिपटी 71 पुड़िया बरामद की गईं। पुलिस ने बताया कि पुड़िया में ब्राउन शुगर जैसा प्रतिबंधित मादक पदार्थ था, जिसका कुल वजन 10.46 ग्राम पाया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अन्य लोगों के साथ मिलकर सामूहिक रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का काम करता है। पुलिस अब मामले में उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मानगो थाना कांड संख्या 206/2026, दिनांक 03 अक्टूबर 2026 के तहत धारा 111(4) BNS तथा 17(a), 17(b), 21(b), 22(b), 29 NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मानगो थाना कांड संख्या 169/2022, दिनांक 22 मई 2022 के तहत मामला दर्ज है। इसमें धारा 364A/302/201/379/411/120B का उल्लेख किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मानगो थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
बरामद सामान
ब्राउन शुगर जैसा प्रतिबंधित पदार्थ – 71 पुड़िया
कुल वजन – 10.46 ग्राम
नकद – ₹200
छापेमारी टीम
छापेमारी दल में थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार, पुलिस पदाधिकारी जफर अंसारी, रवि कुमार, महेंद्र कुमार, उमाशंकर राम सहित मानगो थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।








