जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के बिरसानगर थाना क्षेत्र में विशाल सांडिल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार मजदूरी के पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने विशाल सांडिल की हत्या की और शव को छिपाने के लिए स्वर्णरेखा नदी में फेंक दिया। मामले में पुलिस ने कार्तिक नामता (24) और रवि कुंटिया (22) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बताई जा रही एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
कुमारडुंगी में नवजात की हत्या का आरोप, दलदली जमीन में दफनाया शव; ग्रामसभा में खुला मामला
पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 को जोन नंबर-02 बी निवासी गीता नामता (25 वर्ष), पति स्वर्गीय विशाल सांडिल, ने बिरसानगर थाना में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर बिरसानगर थाना कांड संख्या 62/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत चरण हांसदा, कार्तिक नामता और लुलु नामता के खिलाफ विशाल सांडिल की हत्या कर शव को स्वर्णरेखा नदी में फेंकने का आरोप लगाया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर डॉ. एहतशाम वकारीब के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और कार्रवाई करते हुए कार्तिक नामता तथा रवि कुंटिया को गिरफ्तार कर लिया।
मजदूरी के पैसों को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि विशाल सांडिल, कार्तिक नामता और रवि कुंटिया, चरण हांसदा के लिए काम करते थे। चरण हांसदा मजदूरी का काम कराता था। पुलिस के अनुसार, मजदूरी के बदले पैसे को लेकर कई बार विवाद होता था। आरोप है कि चरण हांसदा कई बार मजदूरी के पैसे नहीं देता था और इसके बदले मजदूरों को मुर्गी-दाल आदि देकर मामला टाल देता था।
इसी पैसे के हिसाब को लेकर 25 सितंबर 2026 को चरण हांसदा और विशाल सांडिल के बीच मारपीट भी हुई थी। इसके बाद कथित तौर पर विशाल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई।
शराब पिलाने के बहाने नदी किनारे ले गए
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 की शाम सुनियोजित योजना के तहत विशाल सांडिल को शराब पिलाने का लालच दिया गया। इसके बाद चरण हांसदा, रवि कुंटिया और कार्तिक नामता उसे स्वर्णरेखा नदी के पानी टंकी के पास ले गए।
पुलिस का दावा है कि वहां मौका देखकर आरोपियों ने चाकू से हमला कर विशाल सांडिल की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को छिपाने के उद्देश्य से स्वर्णरेखा नदी में फेंक दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस के समक्ष दिए अपने स्वीकारोक्ति बयान में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। हालांकि, मामले में पुलिस अनुसंधान अभी जारी है।
एक मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने घटना के सिलसिले में एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर JH05BC1477) बरामद की है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे और हत्या के बाद शव को नदी में फेंकने में किसकी भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
1. रवि कुंटिया, उम्र 22 वर्ष, पिता रेपो कुंटिया, निवासी खेरबनी, थाना गोविंदपुर, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर।
2. कार्तिक नामता, उम्र 24 वर्ष, पिता राम नामता, निवासी बागुनहातु, नियर सूर्या तालाब, थाना सिदगोड़ा, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर।
पुलिस टीम में नगर पुलिस उपाधीक्षक संजिव कुमार, बिरसानगर थाना प्रभारी पाण्डु सामद, पुलिस अवर निरीक्षक रामतबकया कुमार, कमलेश कुमार महतो, लालचंद बेदिया तथा बिरसानगर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।







