रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय सदस्य एवं सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी गणेश महाली ने रांची के मोरहाबादी स्थित आवास पहुंचकर स्वर्गीय श्रीमती रूपी सोरेन जी के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए मौन रखकर प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के उपरांत गणेश महाली ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और इस अत्यंत दुःखद घड़ी में अपनी गहरी शोक-संवेदना प्रकट की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए संबल प्रदान किया।

गणेश महाली ने कहा कि स्वर्गीय रूपी सोरेन का निधन सोरेन परिवार के साथ-साथ उन तमाम लोगों के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिन्होंने उनके वात्सल्य, सरलता और सहज आत्मीयता को करीब से महसूस किया था। उनका स्नेहपूर्ण व्यक्तित्व सदैव लोगों के दिलों में जीवित रहेगा।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि परमपिता परमेश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में चिर शांति प्रदान करें और इस वज्रपात को सहने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित पूरे परिवार को अपार शक्ति, धैर्य व संबल दें। दुःख की इस कठिन घड़ी में पूरा दल और राज्यवासी सोरेन परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।







