Adityapur: आदित्यपुर में मामूली विवाद पर युवक पर जानलेवा हमला, पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने बचाई जान; 3 नामजद आरोपी गिरफ्तार

आदित्यपुर क्राइम न्यूज़,

आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जीआर कॉलोनी में रविवार (11 अक्टूबर) को मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अपने दोस्त के घर आए एक युवक को असामाजिक तत्वों ने बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। समय पर पहुंची पुलिस बाइक पेट्रोलिंग टीम की तत्परता से पीड़ित की जान बच सकी।

 

​

घटना के संबंध में बताया गया कि वादी 11 अक्टूबर को अपने मित्र से मिलने जीआर कॉलोनी गया था। इसी दौरान काली मंदिर के पीछे स्थित नाले के समीप पेशाब करने को लेकर स्थानीय कुछ युवकों के साथ कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ते ही 10 से 12 लोगों की उग्र भीड़ ने लाठी-डंडों से युवक पर हमला बोल दिया और उसे बुरी तरह घायल कर दिया।

​गश्त पर निकली आदित्यपुर पुलिस की बाइक पेट्रोलिंग टीम ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फौरन दखल दिया और भीड़ को खदेड़कर घायल को सुरक्षित निकाला। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जिससे समय रहते उपचार संभव हुआ।

​पीड़ित के लिखित आवेदन पर आदित्यपुर थाने में 12 अक्टूबर को कांड संख्या 286/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित अनुसंधान करते हुए नामजद तीन अभियुक्तों—गौरव केराई उर्फ गुड्डू (पिता मंगू कराई, निवासी श्रीनाथ ग्लोबल विलेज), विशाल थापा उर्फ विकाश (पिता संतोष थापा, निवासी रोड नंबर 8 कल्पनापुरी, शिव मंदिर के पास) तथा आकाश हांसदा (पिता वकील हांसदा, निवासी C-8 पीएचडी कॉलोनी)—को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार, घटना में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *