Adityapur: दीपों की रोशनी से चमका मॉर्निंग स्टार किड्स और महाबीर पाठशाला , उल्लास के साथ मना दीपावली महोत्सव

आदित्यपुर: आदित्यपुर स्थित मॉर्निंग स्टार किड्स स्कूल और उसके तत्वाधान में संचालित महाबीर पाठशाला के प्रांगण में दीपावली महोत्सव की अनूठी छटा बिखरी।

रंग-बिरंगी रोशनी और नन्हे बच्चों की खिलखिलाहट के बीच दोनों विद्यालयों में दीपों का यह पर्व बेहद धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। महाबीर पाठशाला में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नाट्य मंचन रहा। छोटे-छोटे बच्चे जब मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम, माता सीता और भ्राता लक्ष्मण के दिव्य स्वरूप में सजे, तो पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा। शिक्षकों ने बच्चों को विस्तार से समझाया कि लंका पर धर्म की विजय पताका फहराने के बाद जब प्रभु श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के साथ अयोध्या लौटे थे, तब अयोध्यावासियों ने दीप प्रज्वलित कर, मिठाइयां बांटकर और नए वस्त्र पहनकर उनका भव्य स्वागत किया था। इसी पावन स्मृति में दीपावली का यह महापर्व मनाया जाता है।

उत्सव की खुशियों के बीच बच्चों को सुरक्षित और सतर्क दीपावली मनाने का व्यावहारिक संदेश भी दिया गया। शिक्षकों ने पटाखों से होने वाले नुकसान, प्रदूषण और आतिशबाजी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों से बच्चों को भलीभांति अवगत कराया।

कार्यक्रम में विधिवत पूजन के पश्चात सभी नन्हें-मुन्नों के बीच प्रसाद का वितरण हुआ। इस पूरे आयोजन को गरिमामयी और सफल बनाने में प्राचार्या दीपाली डोकानिया और उप-प्राचार्या अलका सहाय का कुशल मार्गदर्शन रहा। वहीं नाट्य प्रभारी रत्ना, सोनी, अल्पी, माहुआ टीचर के साथ-साथ परिसर की सजावट, पूजा और प्रसाद वितरण की कमान नूतन, मौसमी, प्रतिमा, इंदु और संजू टीचर ने बखूबी संभाली। सभी शिक्षिकाओं, भैया और दीदियों के स्नेहपूर्ण योगदान से यह महोत्सव बच्चों के लिए अविस्मरणीय बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *