छठ पर्व पर शहर में फैली गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था पर भड़का झामुमो; 11 दिनों में कचरा नहीं उठने पर नगर निगम घेराव की दी चेतावनी, मुख्यमंत्री तक ले जाएंगे शिकायत
आदित्यपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर भी शहर में फैली गंदगी, नालों की बदहाली और लचर सफाई व्यवस्था को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आक्रामक रुख अपना लिया है।
शुक्रवार को आदित्यपुर स्थित कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान झामुमो युवा मोर्चा के सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष भुगुल सोरेन ने आदित्यपुर नगर निगम के भाजपा समर्थित मेयर संजय सरदार और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को आड़े हाथों लेते हुए तीखा हमला बोला।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए भुगुल सोरेन ने कहा कि महापर्व छठ पर जिन रास्तों, गलियों और नालों से होकर श्रद्धालु व छठ व्रती घाटों तक जाएंगे, वहां हर तरफ कचरे का अंबार लगा हुआ है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि निकाय चुनाव के समय पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा जैसे दिग्गज नेताओं ने ‘डबल इंजन’ की सरकार का हवाला देकर आदित्यपुर को स्विट्जरलैंड बनाने का सुनहरा सपना दिखाया था। लेकिन मेयर संजय सरदार के महज आठ महीने के कार्यकाल में ही पूरे शहर को कचरे का डब्बा बनाकर रख दिया गया है।
सोरेन ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता केवल भगवान राम और लोगों की धार्मिक आस्था के नाम पर राजनीति करते हैं, जबकि धरातल पर न तो बहुप्रतीक्षित जलापूर्ति योजना पूरी हो सकी और न ही जनता को बुनियादी सुविधाएं मिल रही हैं। खुद को उपविजेता व विपक्ष का नेता बताते हुए उन्होंने कहा कि आज आदित्यपुर की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है और शहर को केवल वोट का चारागाह बना दिया गया है।
उन्होंने दो टूक कहा कि नगर निगम के जिम्मेदार केवल राज्य सरकार पर दोष मढ़ने के बजाय केंद्र सरकार से फंड लाकर जनता को सीधा लाभ दें। सोरेन ने स्पष्ट किया कि अब यह मामला केवल नगर निगम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वे इस बदहाली की शिकायत सीधे मुख्यमंत्री (सीएम) तक ले जाएंगे। साथ ही अल्टीमेटम दिया कि यदि आगामी 11 दिनों के भीतर शहर से कचरे का उठाव और सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो झामुमो नगर निगम का जोरदार घेराव करेगा। प्रेस वार्ता में वार्ड पार्षद बीरेंद्र गुप्ता, अर्जुन शर्मा, अमरजीत ठाकुर तथा झामुमो जिला महिला मोर्चा की अध्यक्ष सुशील तांती समेत कई नेता मौजूद थे।
http://SIR को लेकर झामुमो का प्रदर्शन, चुनाव आयोग से पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग








