हो भाषा में दिया संबोधन, भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष पर काव्यात्मक लोकगीत प्रस्तुत कर जीता सबका दिल
चाईबासा: कोल्हान की समृद्ध आदिवासी भाषा और लोक-संस्कृति की पहचान अब राष्ट्रीय स्तर पर भी मजबूत हो रही है। हो भाषा-साहित्य के संरक्षण, संवर्धन और विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले चाईबासा क्षेत्र के प्रख्यात साहित्यकार एवं कवि डोबरो बुड़ीउली को भगवान बिरसा मुंडा राष्ट्रीय पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया है। रविवार को नई दिल्ली में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस एवं राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह की मुख्य अतिथि रीना सोहनीवाल कोहली ने डोबरो बुड़ीउली को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर तथा अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस उपलब्धि से कोल्हान की हो भाषा, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिली है। इसी समारोह में जमशेदपुर के हो भाषा के अन्य कवि काशराय कुदादा को भी सम्मानित किया गया।
देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे जनजातीय समाज के ऐसे विशिष्ट व्यक्तित्वों को समारोह में सम्मानित किया गया, जिन्होंने भाषा, साहित्य, शिक्षा, चिकित्सा, संस्कृति, कृषि और भाषा-लिपि के विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
हो भाषा में संबोधन, बिरसा मुंडा पर लोकगीत ने मोहा मन
सम्मान प्राप्त करने के बाद डोबरो बुड़ीउली ने अपने संबोधन के लिए हिंदी के बजाय अपनी मातृभाषा हो को चुना। उन्होंने हो भाषा में अपने विचार रखकर मातृभाषा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। इसके साथ ही भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और आदिवासी अस्मिता पर आधारित काव्यात्मक लोकगीत प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया और वातावरण को भावुक एवं प्रेरणादायक बना दिया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान इतिहास में अद्वितीय है। मात्र 25 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उलगुलान का बिगुल फूंका और देश, समाज तथा आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

उन्होंने कहा कि धरती आबा का जीवन हमें अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने, अपनी भाषा-संस्कृति और पहचान को बचाने तथा समाज के हित में समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देता है। आज आवश्यकता है कि हम उनके बताए रास्ते पर चलें और अपनी सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएं।
देशभर से पहुंचे जनजातीय समाज के प्रतिनिधि
इस राष्ट्रीय समारोह में रीना सोहनीवाल कोहली, केके जामुदा, डीके चौहान, रुपनारायण देवगम, डिंपल जैन, सावन कटारिया, प्रधान पुरती, सुभाष चंद्र सावैयां, अनूप कुमार बिरुली, बुद्धदेव किशन, समीर लोढ़ी, रतिया उरांव, डॉ. विशज कुमार, कोकोन सरदार, डॉ. ललिता लता, अविका जैन और वेदिका शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह में झारखंड के अलावा छत्तीसगढ़, राजस्थान, असम, आंध्र प्रदेश और ओडिशा सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
डोबरो बुड़ीउली को मिला यह सम्मान केवल एक साहित्यकार की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि हो भाषा, आदिवासी साहित्य और कोल्हान की सांस्कृतिक पहचान के लिए भी गौरव का विषय है।








