चांडिल के नीमडीह में 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आकर जंगली हाथी की मौत, वन और बिजली विभाग के समन्वय पर उठे गंभीर सवाल

डिटांड़ बस्ती स्थित खेत में सोमवार रात हुआ हादसा; एहतियाती तौर पर बिजली आपूर्ति बंद न किए जाने को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग।

सरायकेला–खरसावां: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन क्षेत्र अंतर्गत नीमडीह प्रखंड के गुंडा टोला स्थित डिटांड़ बस्ती में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां 11 हजार वोल्ट के हाई-टेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की मौके पर ही मौत हो गई।

Saraikela Elephant Death: सरायकेला: बिजली के तारों ने ली हाथी की जान, तिरुलडीह-सपारूम जंगल में मचा हड़कंप ​जांच में जुटी वन विभाग की टीम

घटना बीते रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है, जब हाथी डैम की ओर स्थित एक खेत में पहुंचा था और लटकते या संपर्क में आए बिजली तार की जद में आ गया।

मंगलवार सुबह घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। गजराज की इस असमय मौत से पूरे इलाके में शोक और नाराजगी का माहौल है। इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीवों की सुरक्षा तथा बिजली और वन विभाग के बीच आपसी तालमेल की पोल खोल दी है।

 

चांडिल वन क्षेत्र हाथियों के नियमित आवागमन वाला अति-संवेदनशील इलाका है। नियमों के तहत, हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही एहतियातन संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या वन विभाग ने नीमडीह क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही की पूर्व सूचना बिजली विभाग को दी थी? यदि सूचना दी गई थी, तो बिजली विभाग ने लाइन काटने जैसे सुरक्षा कदम क्यों नहीं उठाए, और यदि सूचना नहीं दी गई थी, तो इस चूक का जिम्मेदार कौन है?

स्थानीय लोगों और पर्यावरण प्रेमियों ने वन विभाग से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। यदि जांच में किसी भी विभाग या कर्मी की लापरवाही सामने आती है, तो उन पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

http://सारंडा में बारूदी धमाका: IED की चपेट में आकर जंगली हाथी बुरी तरह जख्मी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *