Jamshedpur (जमशेदपुर): कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम में मरीजों के इलाज के साथ-साथ शवों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल के शवगृह में रखे एक युवक के शव की आंख और नाक चूहों द्वारा कुतर दिए जाने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने गुरुवार को जमकर हंगामा किया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया और व्यवस्था में सुधार की मांग की।
मामला सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के बलाइडीह निवासी 23 वर्षीय राजू प्रमाणिक का है। जानकारी के अनुसार, राजू ने बुधवार रात करीब 10 बजे अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन और दोस्त उसे लेकर पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।
एमजीएम अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद राजू को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस की प्रक्रिया पूरी होने तक शव को अस्पताल के शीतगृह में रखवा दिया गया।
गुरुवार सुबह जब परिजन पोस्टमार्टम से पहले शव देखने पहुंचे, तो उसकी आंख और नाक क्षतिग्रस्त अवस्था में देखकर उनके होश उड़ गए। परिजनों का आरोप है कि शव को चूहों ने कुतर दिया था। इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए शवों की सुरक्षा और साफ-सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए।
अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
घटना से नाराज परिजनों ने शव को अस्पताल की इमरजेंसी में रखकर विरोध जताया। इस दौरान अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. नारायण उरांव मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। परिजनों ने उनसे सवाल किया कि जब अस्पताल में शव सुरक्षित रखने की व्यवस्था है, तो इस तरह की घटना कैसे हुई? उपाधीक्षक ने मामले की जांच कराने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने कहा कि फिलहाल पोस्टमार्टम से पहले वह इस मामले में कुछ नहीं कहेंगे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
वहीं, एमजीएम थाना के अधिकारी हिसामुद्दीन खान ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई होगी।
पहले भी उठ चुके हैं सवाल
एमजीएम अस्पताल में चूहों द्वारा मरीजों और शवों को नुकसान पहुंचाने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। इसके बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने से एक बार फिर अस्पताल की साफ-सफाई, निगरानी और शवगृह की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है।
घटना ने सरकारी अस्पतालों में मरीजों के इलाज के साथ-साथ मृत्यु के बाद शवों की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित कर-ने की जिम्मेदारी पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







