अमर्त्य चौधरी ने 46 गेंदों पर 80 रन, रोहित बरजो ने 58 रन बनाए; सीसीसी ने 70 रन से दर्ज की शानदार जीत
Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित 33वीं एस.आर. रूंगटा बी-डिविजन क्रिकेट लीग 2026-27 के तीसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में चाईबासा क्रिकेट क्लब (सीसीसी) ने टाउन क्लब चाईबासा को 70 रनों से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। सेमीफाइनल में सीसीसी का सामना फ्रेंड्स क्लब चाईबासा से होगा।
पश्चिमी सिंहभूम अंडर-14 क्रिकेट टीम के लिए 30 खिलाड़ी शॉर्टलिस्ट, चाईबासा में हुआ चयन ट्रायल

स्थानीय बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टाउन क्लब के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी सीसीसी चाईबासा की टीम ने 29.5 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 248 रन बनाए। टीम की ओर से अमर्त्य चौधरी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों पर 80 रन ठोके। उनकी पारी में चार चौके और सात छक्के शामिल रहे। रोहित बरजो ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों पर नौ चौके और एक छक्के की मदद से 58 रन बनाए।
इसके अलावा पीयूष कुमार ने 17, आर्यन सिंह ने 16 और राहुल राज ने 15 रन बनाकर टीम के स्कोर में योगदान दिया। टाउन क्लब की ओर से प्रणय कुमार ने चार विकेट लिए, जबकि कृपा सिंधु चंदन और ओम प्रकाश महतो को दो-दो विकेट मिले।
249 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टाउन क्लब चाईबासा की टीम 26 ओवर में 178 रन बनाकर सिमट गई। प्रणय कुमार ने 38 गेंदों पर आठ चौके और एक छक्के की मदद से 48 रन बनाए। सिद्धार्थ अग्रवाल ने भी 27 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के जड़ते हुए 41 रनों की पारी खेली। कृपा सिंधु चंदन ने 25 गेंदों पर 23 रन बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
सीसीसी चाईबासा की ओर से रोहित बरजो ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके। अभिनव सिंह और अमर्त्य चौधरी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि पीयूष त्यागी, अमित राज सिंहदेव और राहुल राज को एक-एक सफलता मिली।
लीग का चौथा क्वार्टर फाइनल मुकाबला रविवार को फैनाटिक क्लब चाईबासा और फ्रेंड्स कोल्ट्स चाईबासा के बीच खेला जाएगा।







