नकली ब्रांडेड शराब बनाने का आरोप, पुलिस ने 128 और 48 खाली बोतलों के अलावा स्टीकर, ढक्कन, नकदी व बाइक भी बरामद की
सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र में अवैध नकली शराब के निर्माण और कारोबार का पुलिस ने खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर पदमपुर टोला (बेदिया साई) में छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में नकली शराब एवं बीयर, खाली बोतलें, विभिन्न ब्रांडों के नकली स्टीकर, ढक्कन, नकदी और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। मामले में दो सगे भाइयों को नामजद आरोपी बनाया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सहायक अवर निरीक्षक हरेन्द्र प्रसाद सिंह को मिली गुप्त सूचना के सत्यापन के बाद थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पदमपुर टोला-बेदिया साई निवासी तुरी बांदिया के पुत्र नारण बांदिया (36) और सुनील बांदिया (31) के घरों में छापेमारी की।

तलाशी के दौरान नारण बांदिया के घर से विभिन्न ब्रांडों की 14 लीटर 460 मिलीलीटर नकली शराब एवं बीयर, 128 खाली बोतलें, रॉयल स्टैग और रॉयल चैलेंज के नकली स्टीकर के बंडल, बारकोड तथा 131 ढक्कन बरामद किए गए।
वहीं, सुनील बांदिया के घर से 15 लीटर 80 मिलीलीटर शराब एवं बीयर, 48 खाली बोतलें, नकली स्टीकर, ढक्कन, 4,380 रुपये नकद और एक पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई। मोटरसाइकिल का पंजीकरण नंबर JH06Q-6363 बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी नामी ब्रांडों के नकली स्टीकर का इस्तेमाल कर शराब तैयार करने तथा उसका अवैध भंडारण और खरीद-बिक्री करने में संलिप्त थे। इस मामले में खरसावां थाना में कांड संख्या 60/2026, दिनांक 27 नवंबर 2026 को बीएनएस-2023 और झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक हरेन्द्र प्रसाद सिंह, हवलदार बरजो लोहरा और चालक आरक्षी शंभूनाथ चौरसिया शामिल थे। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
सोनुआ में शराब दुकान चोरी मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी की शराब और वाहन बरामद







