Chaibasa (चाईबासा): सड़क निर्माण कार्य में लगी पोकलेन मशीन को आग लगाकर जलाने और ठेकेदार से रंगदारी मांगने के मामले में चाईबासा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
चाईबासा: टेबो में सड़क निर्माण स्थल पर पोकलेन जलाई गई, लेवी-रंगदारी की आशंका से बढ़ी चिंता
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, टेबो थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के दौरान 10 अक्टूबर 2026 को निर्माण कार्य में लगी जेसीबी/पोकलेन मशीन को असामाजिक तत्वों ने आग लगाकर जला दिया था। इस घटना के बाद निर्माण कार्य बाधित करने और ठेकेदार को डराने के उद्देश्य से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था।

घटना के संबंध में चांदी संतोष कथथ, पिता रामनारायण कथथ, ग्राम पिपरा टोली, खूंटी निवासी द्वारा टेबो थाना में लिखित आवेदन दिया गया था। आवेदन के आधार पर टेबो थाना कांड संख्या 13/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में धारा 324(5)/326(f) बीएनएस 2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
विशेष छापेमारी दल का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की अध्यक्षता में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी की। इसी क्रम में 27 नवंबर 2026 को पुलिस ने मामले में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद घटना में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में—
* जीतेन्द्र बोदरा (36 वर्ष), पिता किनु बोदरा, ग्राम सोंगर, थाना टेबो, जिला पश्चिमी सिंहभूम।
* कृष्णा बोदरा उर्फ छोटू (21 वर्ष), पिता बहादुर बोदरा, ग्राम सोंगर, थाना टेबो, जिला पश्चिमी सिंहभूम।
* लॉसेंस धान उर्फ लोद, (23 वर्ष), पिता रतन धान, ग्राम कंकड़, थाना टेबो, जिला पश्चिमी सिंहभूम।
* फूलचंद सिंह मुंडा (27 वर्ष), पिता स्वर्गीय सुधन सिंह मुंडा, ग्राम बन्दुआगंज, थाना अड़की, जिला खूंटी।
एक आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी जीतेन्द्र बोदरा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ खूंटी जिले के मुरहू थाना में वर्ष 2016 में दर्ज कांड संख्या 430/2016 में लूट से संबंधित मामला दर्ज था।
पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, टेबो थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों के साथ मुरहू थाना पुलिस का सहयोग रहा।
चाईबासा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना को सूचित करें। साथ ही व्यवसायियों और ठेकेदारों से पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य करने की अपील की गई है।







