आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने और विकास परियोजनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर गति देने के उद्देश्य से महापौर संजय सरदार इन दिनों राजधानी नई दिल्ली के प्रवास पर हैं।
बुधवार को अपने दौरे के दौरान महापौर ने केंद्रीय मंत्रियों सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से सिलसिलेवार शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं और सांगठनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

महापौर संजय सरदार ने सबसे पहले केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान आदित्यपुर को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर दिया गया। महापौर ने निगम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, सीवरेज नेटवर्क, सड़कों के निर्माण और जल निकासी (ड्रेनेज) जैसी आवश्यक शहरी परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु केंद्र सरकार से विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन का आग्रह किया। केंद्रीय राज्य मंत्री ने इन मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए हरसंभव केंद्रीय सहायता का भरोसा दिलाया।

इसके उपरांत महापौर ने केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव के आवास पर उनसे भेंट की। बातचीत के दौरान जनजातीय समाज के कल्याण, सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण तथा क्षेत्र में चल रही केंद्र प्रायोजित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर मंथन हुआ। केंद्रीय मंत्री ने क्षेत्र में जनहित से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर मार्गदर्शन देने की बात कही।
अपने दौरे के क्रम में महापौर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय भी पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की। बैठक में महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सहभागिता और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने को लेकर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।

दिल्ली प्रवास के दौरान हुई इन उच्चस्तरीय बैठकों पर महापौर संजय सरदार ने कहा कि केंद्र सरकार और संगठन के सहयोग से आदित्यपुर नगर निगम को एक स्वच्छ, विकसित और आत्मनिर्भर नगर बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। केंद्र के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सभी लंबित व प्रस्तावित जनहितैषी योजनाओं को तेजी से पूरा कराया जाएगा।








